भगवान आदिनाथ के जन्मकल्याणक के अवसर पर रविवार को अखिल भारत वर्षीय दिगंबर जैन महिला परिषद की वर्धमान शाखा द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर लगाया गया।
कोहेफिजा एवं बीएचईएल शाखा द्वारा पिपलानी जैन मंदिर में लगाए शिविर में 200 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। वहीं 18 यूनिट रक्तदान हुआ।
महिला परिषद की प्रांतीय जनसंपर्क अधिकारी संगीता चौधरी ने बताया कि सबसे पहले परिषद की सभी महिला सदस्यों ने भगवान महावीर के समक्ष दीप प्रज्जवलन कर मंगलाचरण किया। सभी के स्वास्थ्य रहने की कामना की गई। स्वास्थ्य शिविर में हृदय संबंधी बीमारियां, थाइराइड, शुगर, डायबिटीज, बोन-डेनसिटी, ईसीजी आदि की निःशुल्क जांच हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. सुब्रतो मंडल द्वारा की गई।
जांच के लिए लगभग 200 लोगों ने रजिस्ट्रेशन करवाया। इस अवसर पर निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। वहीं रक्तदान शिविर में 18 यूनिट ब्लड लोगों द्वारा डोनेट किया गया।
जैन मंदिरों में जिन प्रतिमाओं का महामस्तकाभिषेक
जैन धर्म के पहले तीर्थंकर भगवान आदिनाथ का जन्मकल्याणक राजधानी के जैन मंदिरों में बड़े ही भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। इस कड़ी में रविवार को भी जैन मंदिरों में जिन प्रतिमाओं का अभिषेक के साथ धार्मिक अनुष्ठान किए गए। झिरनो जैन मंदिर में भगवान आदिनाथ की खड़गासन प्रतिमाओं का अभिषेक करने वालों का तांता लगा रहा।
वहीं पिपलानी जैन मंदिर में भी मानस्तंभ के ऊपर चारों ओर विराजमान भगवान जिनेन्द्र की प्रतिमओं का जयकारों के साथ अभिषेक किया गया। इस दौरान भगवान आदिनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की गई। प्रवक्ता अंशुल जैन ने बताया कि जैन मंदिरों में शाम को जन्मकल्याणक के चलते संगीतमय महाआरती की कई साथ ही जिनालय से जुड़े बुजुर्गों का सम्मान भी किया गया।

No comments:
Post a Comment